गरियाबंद

आमामोरा में ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान, बुजुर्गों का सम्मान
09-Apr-2026 8:41 PM
आमामोरा में ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान, बुजुर्गों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 9 अप्रैल। गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र आमामोरा में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

अभियान की शुरुआत भारत माता एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गांव में जनसंपर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया।

योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इनमें प्रमुख रूप से  प्रधानमंत्री आवास योजना,  राशन योजना,  पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि, भूमिहीन मजदूर योजनाएं जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

जनसंवाद और समस्याओं पर चर्चा

मंडल महामंत्री घनश्याम मरकाम सहित अन्य वक्ताओं ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल प्रचार नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं को सुनकर उन्हें शासन तक पहुंचाना भी है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लाभार्थियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम के दौरान गांव के बुजुर्गों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया, जिससे सामाजिक जुड़ाव और सम्मान की भावना को बढ़ावा मिला।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए अपनी समस्याएं साझा कीं और विकास कार्यों पर चर्चा की। अभियान में जिला व मंडल स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट