गरियाबंद

सागौन तस्करी पर शिकंजा, एक आरोपी गिरफ्तार
08-Apr-2026 6:28 PM
सागौन तस्करी पर शिकंजा, एक आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 8 अप्रैल। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग यूनिट ने सागौन तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम के सहयोग से की गई।

उदन्ती सीता नदी टाईगर रिजर्व उप निदेशक वरुण जैन से मिली जानकारी अनुसार एंटी पोचिंग टीम को गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने ओडिशा राज्य के ग्राम फुटानाड़ा और बुड्रापारा में दबिश दी। जांच में सामने आया कि छत्तीसगढ़ के जंगलों से सागौन वृक्षों की अवैध कटाई कर फर्नीचर तैयार किया जा रहा था।

उप निदेशक वरुण जैन और ओडिशा के वनमंडलाधिकारी सुभेन्दु प्रसाद बेहरा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित कर संदिग्धों के घरों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान मनबोध माली के घर से सागौन का फर्नीचर, स्लीपर, फारा सहित बढ़ईगिरी के उपकरण जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान फरार आरोपी मनबोध माली को 4 अप्रैल की रात ग्राम हीरापुर (उमरकोट) से गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से अवैध कटाई की बात स्वीकार की, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया। 6 अप्रैल को वनपाल धर्मेन्द्र सिंह सोनवानी द्वारा आरोपी को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 और छत्तीसगढ़ व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 वन विभाग की इस कार्रवाई से सागौन तस्करों में हडक़ंप मच गया है और क्षेत्र में अवैध कटाई पर बड़ी रोक लगने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट