गरियाबंद

ग्रामीणों ने की शराब दुकान हटाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
06-Apr-2026 9:11 PM
ग्रामीणों ने की शराब दुकान हटाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 6 अप्रैल। ग्राम बासीन सहित आसपास के पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने मुख्य सडक़ किनारे संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर आबकारी विभाग को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में आवेदन दिए जा चुके हैं।

सोमवार को ग्रामीणों ने सहायक आबकारी अधिकारी को आवेदन सौंपते हुए बताया कि मुख्य सडक़ पर स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकान स्कूली बच्चों के आवागमन मार्ग में पड़ती है। उनके अनुसार, वहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस स्थान पर पूर्व में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके चलते वे आंदोलन करने के लिए बाध्य हो रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार, पहले प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इस संबंध में सहायक आबकारी अधिकारी लालजी दीवान ने बताया कि मामले को आबकारी आयुक्त को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुकान हटाने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं है।


अन्य पोस्ट