गरियाबंद

बेहतर परिणाम के लिए बूथ प्रबंधन जरूरी - देवांगन
06-Apr-2026 4:31 PM
बेहतर परिणाम के लिए बूथ  प्रबंधन जरूरी - देवांगन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 6 अप्रैल। सारागांव में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी, विधानसभा मंडल के द्वारा कस्तूरबा ट्रस्ट भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का आयोजन किया गया ।

उक्त प्रशिक्षण में वक्ता के रूप में उपस्थित युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन ने बूथ प्रबंधन पर उद्बोधन देते हुए कहा कि चुनाव जीतने में बूथ की भूमिका ठीक वैसी ही है, जैसी कि मकान बनाने में नींव की रहती है। नींव जितनी मजबूत रहेगी, मकान उतना ही मजबूत रहेगा। इसी प्रकार बूथ जितना मजबूत रहेगा, पार्टी की उपस्थिति दमदार और जीत की संभावना प्रबल रहेगी। चुनाव में पार्टी प्रत्याशी अपने दम पर नहीं जीतता बल्कि बूथ कमेटी में शामिल पदाधिकारी व सदस्य अपनी कड़ी मेहनत एवं स्मार्ट प्रबंधन से उसकी जीत सुनिश्चित करते हैं। यही वजह है कि बूथ कमेटियों को सशक्तता प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण महाभियान चलाया जा रहा है क्योंकि समय के साथ प्रतिद्वंदी पार्टियां अपनी रणनीति को अपडेट करती रहती हैं, जिससे मुकाबला करने के लिए भाजपा की बूथ कमेटियों को भी अपडेट किया जाना अत्यंत अनिवार्य है ।

उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सोचकर पूरी लगन, मेहनत व ईमानदारी से काम करता है कि उनके सहयोग से जीता हुआ प्रत्याशी पूरी ईमानदारी से जनहित में कार्य करते हुए समाज, प्रदेश व देश की सेवा करेगा। इन कार्यकर्ताओं की कोई पृथक महत्वाकांक्षा नहीं होती। यही भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषता है ।

वैसे भी भाजपा में पद मांगने की आवश्यकता नहीं होती, पार्टी अपने जमीन स्तर से लेकर शीर्ष स्तर के कार्यकर्ताओं पर सतत निगाह रखते हुए उनके पार्टी के प्रति योगदान का गुपचुप तरीके से आंकलन करते रहती है । यही वजह है कि भाजपा में वर्षों से ईमानदार अदना सा कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने का सिलसिला सतत जारी है । हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। इन दोनों महापुरुषों की तरह आप सभी भी प्रतिष्ठा के ऐसे ही उच्च शिखरों पर पहुंच सकते हैं, लेकिन इसके लिए इन दोनों महापुरुषों की तरह देशसेवा की भावना लेकर ईमानदारी से पार्टी हित में कार्य करना होगा ।

उन्होंने कहा कि आप सभी प्रण लें कि बिना किसी निज स्वार्थ के पूरी ईमानदारी से पार्टी हित में अपने बूथ को मजबूत बनाए रखते हुए चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की सशक्त जीत के लिए पूरे तन व मन से काम करेंगे। याद रखिए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का पूरा दारोमदार आप लोगों के हाथ में है क्योंकि देश में भाजपा की जीत आप बूथ कार्यकर्ताओं पर ही निर्भर है। भाजपा रहेगी तभी हमारा देश सशक्त, सुरक्षित व सक्षम रहते हुए विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएगा ।


अन्य पोस्ट