गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 अप्रैल। नगर में श्री हनुमान जी महाराज के प्राकट्योत्सव पर भक्ति,उत्साह और न आस्था का अदभुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर के हर हनुमान जी के मंदिर, हर मुहल्ले, चौक-चौराहों और घरों में विराजमान श्री हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना और आरती धूमधाम से की गई। शहर के सभी मार्ग केसरिया तोरण पताको से सुसज्जित था।
पूरे शहर में लाऊडस्पीकर से हनुमान जी महाराज के एक से बढक़र एक भजन बज रहे थे। कई जगह हनुमान चालीसा का पाठ, सुंदरकांड सहित विविध कार्यक्रम आयोजित हुए जिसमें बड़ी संख्या में हनुमान जी के भक्तों ने भाग लिया। बस स्टैण्ड से लेकर, सदर रोड व पूरे गंज रोड के हनुमान जी के मंदिरों श्री महावीर बजरंग अखाड़ा, सत्यनारायण मंदिर हनुमान जी, दक्षिणमुखी संकट मोचन समिति शर्मा भोजनालय बस स्टैंड, वीर लंगूर पवन धाम हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, श्री राधा कृष्ण मंदिर, दक्षिण मुखी मारुति मंदिर कसेर पारा, हनुमान मंदिर मैडम चौक, दक्षिण मुखी शुभम के मार्ट के सामने गंज रोड सहितअनेक स्थानों में हलवा,पुरी,मीठा लसदार बुंदी और नारियल प्रसादी सहित केला सेव वितरण किया गया। इस तरह शहर में गुरुवार, 2 अप्रैल को श्री हनुमान जी का प्राकट्यउत्सव पूरे श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर के सभी हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक भक्ति की सरिता के रूप में निरंतर बहता रहा। शहर के चप्पे-चप्पे में स्थित हनुमान मंदिरों में प्रात:कालीन अभिषेक, पूजा और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों की आस्था का ऐसा अदभुत दृश्य देखने को मिला मानो पूरा नवापारा शहर हनुमानमय हो उठा हो। हर गली, मोहल्ला, चौक-चौराहा और मुख्य मार्ग केसरिया ध्वज, पताकाओं और तोरणों से सुसज्जित नजर आया, जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया। मंदिरों में विधि-विधान के साथ नए ध्वज चढ़ाए गए और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।