गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 अप्रैल। गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को पिछले दो वर्षों में बड़ी सफलता मिली है। जनवरी 2024 से अब तक चलाए गए लगातार विशेष अभियानों और रणनीतिक कार्रवाई के परिणामस्वरूप नक्सल संगठन को भारी नुकसान पहुंचा है और क्षेत्र में शांति स्थापित होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में 7 शीर्ष नेतृत्व सहित कुल 31 नक्सलियों को मार गिराया गया है, वहीं, शासन की पुनर्वास नीति के तहत 29 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। विशेष रूप से जनवरी 2025 में बेसराक्षर-भालूडिग्गी पहाडिय़ों में चलाए गए अभियान में छत्तीसगढ़ में पहली बार माओवादियों के शीर्ष नेतृत्व—सीसी चलपति, एसजेडसीएम सत्यम गावड़े, जयराम उर्फ गुड्डू और आलोक सहित 16 नक्सलियों को मार गिराया गया। इसके बाद सितंबर 2025 में मेटाल-मालुडिग्गी क्षेत्र में हुए दूसरे बड़े ऑपरेशन में सीसी मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णना, एससीएम प्रमोद उर्फ पांडू और विमल उर्फ सुरेंद्र सहित 10 माओवादियों को ढेर किया गया।
इसी कड़ी में आत्मसमर्पण की घटनाओं ने भी नक्सल संगठन को कमजोर किया। सात नवंबर 2025 को उर्वती एरिया कमेटी, 19 जनवरी 2026 को एसडीके व सीनापाली एरिया कमेटी तथा 23 जनवरी 2026 को सीतानदी एरिया कमेटी ने पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके साथ ही धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन में नक्सल गतिविधियों का एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया।
उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी 2024 को टोरीभुई-सिकालेर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में कंपनी नंबर 05 की सदस्य पार्वती के मारे जाने के बाद पुलिस को क्षेत्र में शीर्ष नक्सली नेतृत्व की मौजूदगी के ठोस संकेत मिले थे। इसके बाद पुलिस ने अपने अभियान को पुनर्गठित करते हुए विशेष प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और रणनीतिक बदलाव के साथ लगातार ऑपरेशन चलाए।
पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई, सटीक रणनीति और स्थानीय सहयोग के चलते गरियाबंद जिला अब नक्सल प्रभाव से मुक्त होने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे ही सख्त और सुनियोजित अभियान जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके।