गरियाबंद
संकल्प सेवा संस्थान की पहल बनी मिसाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 1 अप्रैल। राजिम में संकल्प सेवा संस्थान उज्ज्वल दिव्यांग कल्याण संघ द्वारा दिव्यांग एवं निर्धन जोड़ों के लिए दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन राजेंद्र पुस्तकालय भवन में संपन्न हुआ। इस आयोजन में सात दिव्यांग जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए दिव्यांगों की सहभागिता रही।
इस सामूहिक विवाह का आयोजन छत्तीसगढ़ हैंडीकैप वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित संकल्प सेवा संस्थान के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष योगेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष जागेश्वर साहू, सुनीता साहू, चंचला यादव, सारिका साहू, कृष्ण साहू, कल्पना गोस्वामी, एच.डी. महंत, भुनेश्वर साहेब और मनोज कुमार साहू सहित कई पदाधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर नगर के सामाजिक कार्यकर्ता, तुकाराम कंसारी को उनके द्वारा संस्थान को दिए गए सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल भेटकर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री लोकेश कांवडिय़ा, पूज्य संत विजैद साहिब, सुजन चंद पार्क, पंकज वर्मा, कम दीक्षित, संजय पाठक, महिला बाल विकास सभापति नंदनी ओंमकार साहू, पार्षद रेखा कुलेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।
नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं, जो दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सामूहिक विवाह केवल जोड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
नवदंपति दिखे उत्साहित
समारोह के दौरान सभी नवदंपती अपने नए जीवन को लेकर उत्साहित नजर आए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाज में समानता और सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है।