गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 25 मार्च। नगर सोनकर समाज द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी रामनवमी पर्व को बड़े उत्साह और भक्ति भाव से मनाने जा रहा है। समाज के अध्यक्ष राकेश सोनकर ने बताया कि सोमवार 30 मार्च को श्री राम जानकी मंदिर नवापारा में विभिन्न भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा अनुसार सुबह 9 बजे हवन-पूजन से कार्यक्रम की शुरूआत होगी।
इसके बाद सुबह 10 बजे बाइक रैली निकाली जाएगी। शाम 4 बजे मुख्य आकर्षण भव्य शोभा यात्रा होगी, जिसमें राम दरबार की भव्य झांकियां,भजन-कीर्तन और राम भक्तों का उत्साही शोभायात्रा शामिल रहेगा। रात्रि 8 बजे भक्तों को प्रसादी वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा यह पर्व केवल उत्सव नहीं बल्कि प्रभु श्री राम के आदर्शों, मर्यादा पुरुषोत्तम के सिद्धांतों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है।
नगर सोनकर समाज इस अवसर पर पूरे शहर में राम भक्ति की लहर फैलाने और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने का प्रयास कर रहा है। भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस पावन पर्व को और अधिक यादगार बनाने में योगदान दें।