गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 23 मार्च। प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार द्वारा विधानसभा में पारित किए गए छग धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री किशोर देवांगन ने कहा कि इस विधेयक के आ जाने से अब प्रदेश की जातिगत जनसंख्या को प्रभावित करने के लिए किए जा रहे धर्म विरोधी लोगों के दुष्प्रयासों को विफल करने में सहायता मिलेगी ।
प्रदेश में लंबे समय से सनातन विरोधी लोगों द्वारा सनातन धर्म के विरुद्ध एक तरह से अप्रत्यक्ष युद्ध छेड़ रखा गया है। चूंकि अभी तक जबरदस्ती धर्म परिवर्तन को लेकर प्रदेश में कोई ठोस कानून नहीं था, इसलिए ऐसे सनातन विरोधी लोगों के हौंसले बुलंद थे । लेकिन साय सरकार द्वारा पारित विधेयक में जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराने वाले लोगों के विरुद्ध इतने सख्त व ठोस सजा के प्रावधान किए गए हैं कि विदेशी ताकतों के इशारों पर जबरदस्ती धर्मांतरण करवाने वाले लोगों के हौंसले स्वयमेव पस्त हो जाएंगे। इससे न केवल सनातनधर्मियों की संख्या घटाने के षड्यंत्र को विफल किया जा सकता है बल्कि अन्य धर्म की संख्या भी सुरक्षित रखी जा सकती है उन्होंने प्रदेश कांग्रेस द्वारा इस विधेयक का विरोध किए जाने पर कहा कि कांग्रेस से कभी भी किसी जनहितैषी कार्यों पर सहयोग की अपेक्षा नहीं की जा सकती थी, लेकिन बहुसंख्यक सनातन धर्म सहित विभिन्न धर्म के असंतुलन के षड्यंत्र को विफल करने हेतु पारित इस प्रस्ताव पर भी कांग्रेस का विरोध किया जाना दर्शाता है कि कांग्रेस केवल और केवल साय सरकार के प्रत्येक फैसलों का विरोध करने के लिए ही विरोध करती है न कि जनहित या धर्महित के मद्देनजर ।
किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का यह विरोध अपने धर्म विशेष से जुड़े हाईकमान को खुश करने के लिए है।
जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति देख व समझ रही है । सनातन व अन्य धर्मों के असंतुलन को बचाने के लिए साय सरकार पारित यह विधेयक सराहनीय है, जिसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा बधाई के पात्र हैं ।