गरियाबंद
नवापारा/अभनपुर, 22 मार्च। अभनपुर इलाके में डबरी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। शव मिट्टी में दबा हुआ मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान रायपुर शदाणी दरबार निवासी नितेश बत्रा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को भरेगाभाटा-नवागांव मार्ग पर ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में जमीन में दफन एक शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी थी। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के मौके पर पहुंचे और खुदाई कराकर शव को बाहर निकलवाया।
हाथ में बने टैटू के आधार पर हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान उसके हाथ में बने टैटू के आधार पर नितेश बत्रा के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया था, ताकि साक्ष्य छुपाए जा सकें।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक नितेश बत्रा किसी से मिलने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। अब शव मिलने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रेम संबंध के चलते उसकी हत्या की गई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के संबंधों, कॉल डिटेल व अन्य गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।