गरियाबंद
गरियाबंद, 21 मार्च। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राशन कार्डधारी परिवारों के सदस्यों का ई-केवाईसी अभियान लगातार जारी है। जिले में कुल 6 लाख 63 हजार 498 राशन कार्डधारी सदस्यों में से अब तक 5 लाख 98 हजार 793 का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 41 हजार 606 सदस्यों का ई-केवाईसी अभी शेष है। खाद्य अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे ने बताया कि हितग्राही अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकान में जाकर विक्रेता के माध्यम से ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा, ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर भी घर बैठे फेस ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। ई-केवाईसी के दौरान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के सत्यापन के बाद फेस स्कैन किया जाता है। उन्होंने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे 31 मार्च तक अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा कर लें, ताकि राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।