गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 17 मार्च। गरियाबंद जिले में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और शाम ढलने से पहले तेज अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार जंगल क्षेत्र में अचानक ओले गिरने लगे, जिससे जंगल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं देवभोग तहसील के सीनापाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। घायल युवक को तत्काल देवभोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खासतौर पर महुआ और आम की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार करीब 30 प्रतिशत से अधिक फसल चौपट हो गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। मौसम के अचानक बदले मिजाज से जनजीवन भी प्रभावित रहा।