गरियाबंद

घटारानी धाम में भीषण आग, 8 दुकानें खाक
16-Mar-2026 3:46 PM
घटारानी धाम में भीषण आग, 8 दुकानें खाक

लाखों के नुकसान की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 16 मार्च। गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में देर रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर से लगे करीब 8 से 9 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लगभग 8 से 10 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।

जंगल की आग फैलने की आशंका

जानकारी के अनुसार दुकानों में फैंसी सामग्री, प्रसादी, खिलौने और पूजा के बर्तन रखे हुए थे। आगामी चौत्र नवरात्रि पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने हाल ही में नया सामान खरीदा था, जो आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में भारी मायूसी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि आसपास के जंगल में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गई और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

 

आग लगने की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। आगजनी की इस घटना के बाद दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इधर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की व्यवस्था और फायर वॉचर की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि जंगल में लगी आग पर समय रहते नियंत्रण किया जाता तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था। प्रभावित दुकानदारों ने शासन-प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अमला भी नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा हुआ है। नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक पर्व से ठीक पहले हुई इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है, क्योंकि हर वर्ष इस दौरान घटारानी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मेले जैसा वातावरण रहता है। ऐसे में दुकानों के जलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।


अन्य पोस्ट