गरियाबंद

यातायात नियमों का उल्लंघन, एक हफ्ते में 43 ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ मामले दर्ज
13-Mar-2026 4:13 PM
यातायात नियमों का उल्लंघन, एक हफ्ते में 43 ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ मामले दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 13 मार्च। गरियाबंद जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के 43 मामलों में न्यायालयीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की जांच की गई और शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव के तहत दर्ज 43 मामलों में अर्थदंड की प्रक्रिया की गई है। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सडक़ सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने से बचें।


अन्य पोस्ट