गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद,12 मार्च । कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिला कार्यालय में कृषि और समवर्गीय विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य, रेशम, क्रेड़ा सहित बैंक और सहकारी संस्थाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कृषि, पशुपालन और मछलीपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर उन्नत बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही फसल विविधीकरण, सूक्ष्म सिंचाई और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने पीएम किसान योजना, ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रगति की भी समीक्षा की।
बैठक में पशुपालन, मछलीपालन और उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण अभियान और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं मत्स्य पालकों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और केसीसी का अधिकतम लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।