गरियाबंद

मथुरा की तर्ज पर राजिम में होली: श्री राजीव लोचन मंदिर प्रांगण में उमड़ता है आस्था और रंगों का सैलाब
03-Mar-2026 2:02 PM
मथुरा की तर्ज पर राजिम में होली: श्री राजीव लोचन मंदिर प्रांगण में उमड़ता है आस्था और रंगों का सैलाब

भगवान के संग गुलाल, नगाड़ों की थाप पर झूमते हजारों श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 3 मार्च। छत्तीसगढ़ में होली का जब भी जिक्र होता है तो आस्था, परंपरा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने के लिए राजिम का नाम सबसे पहले लिया जाता है। यहां स्थित ऐतिहासिक श्री राजीव लोचन मंदिर परिसर में खेली जाने वाली होली प्रदेशभर में विशेष पहचान रखती है। होली के दिन सुबह से ही नगर रंगों में सराबोर हो जाता है। मोहल्लों, चौक-चौराहों और गलियों में लोग मित्रों व परिजनों के साथ रंग-गुलाल खेलते हैं। युवतियां और महिलाएं समूह बनाकर उत्साहपूर्वक फाग गीत गाती हुई होली का आनंद लेती हैं।

दोपहर बाद मंदिर की ओर उमड़ता जनसैलाब

दोपहर लगभग तीन बजे के बाद श्रद्धालुओं का रुख श्री राजीव लोचन मंदिर की ओर हो जाता है। आसपास के गांवों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं। मंदिर प्रांगण में नगाड़ों की गूंज के साथ रंगों की बौछार शुरू होते ही पूरा वातावरण भक्तिरस और उमंग से भर उठता है। नगाड़े की थाप पर हजारों श्रद्धालु सतरंगी गुलाल उड़ाते हुए झूमते-नाचते नजर आते हैं। कुछ ही पलों में मंदिर परिसर ऐसा रंग जाता है कि किसी का चेहरा पहचानना मुश्किल हो जाता है। महिलाएं, युवतियां, बुजुर्ग और युवा सभी एक साथ भगवान के समक्ष होली खेलते हैं।

मथुरा-बरसाना जैसी झलक

मंदिर परिसर की होली की तुलना अक्सर मथुरा और बरसाना की होली से की जाती है। भले ही यह आयोजन आकार में भिन्न हो, पर उत्साह और आस्था के मामले में किसी से कम नहीं माना जाता। दोपहर 4 बजे से रात 8 बजे तक करीब चार घंटे तक रंग-गुलाल का यह उत्सव निरंतर चलता है। इस दौरान जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

 

आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक

राजिम की यह होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। यहां जाति, वर्ग और आयु की सीमाएं मिट जाती हैं और हर कोई राजीव लोचन के चरणों में रंगों के माध्यम से अपनी आस्था अर्पित करता है। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान में राजिम की होली एक विशिष्ट स्थान रखती है, जहां हर वर्ष रंग, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।


अन्य पोस्ट