गरियाबंद

रंग-गुलाल से सजी बाजारें, पर फीका पड़ता होलियाना उत्साह
02-Mar-2026 2:49 PM
रंग-गुलाल से सजी बाजारें, पर  फीका पड़ता होलियाना उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 2 मार्च। होली का त्योहार दस्तक दे चुका है। पिछले दो दिनों से ही शहर के बस स्टैंड, गंज रोड, सदर रोड और अन्य प्रमुख बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं। बाजार में रंगों की भरमार है, लेकिन खरीदारों की भीड़ अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। दिलचस्प बात यह है कि जहां रंगों की दुकानों पर सन्नाटा है, वहीं शराब दुकानों और चिकन कॉर्नर पर भीड़ अधिक दिखाई दे रही है।

बीते वर्षों की तुलना में होली का उत्साह कुछ फीका सा महसूस हो रहा है। पहले जहां दस दिन पहले से होलियाना माहौल बन जाता था, वहीं अब लोग केवल एक-दो दिन ही त्योहार मनाने तक सीमित रह गए हैं। रंगों की जगह अब अलग-अलग प्रकार के गुलालों का चलन बढ़ गया है।

 

पलाश के फू लों का रंग अब दुर्लभ

रंगों के इस त्यौहार में सिंदूरी लाल पलाश (टेसू) के फूल का रिश्ता सदियों पुराना है। फाल्गुन लगते ही पलाश के वृक्षों पर खिलने वाले इन फूलों से पारंपरिक रूप से प्राकृतिक रंग तैयार किया जाता था। यह रंग न केवल सुरक्षित बल्कि शुभ भी माना जाता था।

हालांकि आज बाजार में रासायनिक रंगों की भरमार है, जिससे लोग प्रकृति से दूर होते गए। फिर भी स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण कुछ लोग दोबारा प्राकृतिक रंगों की ओर रुख कर रहे हैं। राजिम क्षेत्र में सडक़ किनारे खिले पलाश के फूल आज भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, मानो पुराने दौर की याद दिला रहे हों। दीपावली के बाद हिंदू समाज का दूसरा सबसे बड़ा पर्व मानी जाने वाली होली का पारंपरिक स्वरूप बदलता नजर आ रहा है।

पहले बसंत पंचमी से ही नगाड़ों की थाप गली-मोहल्लों में गूंजने लगती थी। लोग होलिका दहन स्थल पर पूजा-अर्चना कर लकड़ी और कंडे इक_ा करते, फाग गीत गाते और सामूहिक उल्लास का वातावरण बनाते थे। आज न तो नगाड़ों की गूंज सुनाई देती है, न ही फाग गीतों की महक। होली अब केवल गुलाल लगाकर औपचारिक शुभकामनाएं देने तक सिमटती जा रही है।

बदलते समय के साथ युवा पीढ़ी की पसंद भी बदल गई है। जहां पहले नगाड़ों की थाप पर फाग गीत गूंजते थे, वहीं अब डीजे की तेज धुन और मोबाइल-चैटिंग ने जगह ले ली है। बच्चे भी मोबाइल में अधिक व्यस्त रहते हैं। होली के समय बोर्ड परीक्षाएं भी रहती हैं, जिससे विद्यार्थी चाहकर भी पूरी तरह उत्सव में शामिल नहीं हो पाते। कानून-व्यवस्था और ध्वनि प्रतिबंधों के चलते पारंपरिक नगाड़ों की थाप भी कम सुनाई देती है।

परंपरा और आधुनिकता के बीच होली

होली सदियों से प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक रही है। परंतु आधुनिकता के प्रभाव ने इसके स्वरूप को बदल दिया है। रंगों का यह पर्व अब बाजार और औपचारिकता तक सीमित होता दिख रहा है।


अन्य पोस्ट