गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 1 मार्च। गरियाबंद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने कई ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानी और लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर ने ग्राम पंचायत मरौदा, छिंदौला, साढौली और चिखली में पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई आवासों में निर्माण कार्य जारी है, जबकि कुछ आवास अधूरे हैं। इस पर सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को अंतिम किस्त की राशि समय पर मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत की टीम लगातार क्षेत्र का दौरा कर मॉनिटरिंग कर रही है। प्रशासन की सतत निगरानी से आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में सकारात्मक प्रगति देखने को मिल रही है और पात्र परिवारों को जल्द पक्का आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम पंचायतों में आवास हितग्राहियो एवं समूह के दीदी से संवाद किया गया। उनके द्वारा योजना की विस्तृत जानकारी दी गयी एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान एपीओ सर, डीसी सर, कृषि विभाग एवं ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।