गरियाबंद

दूरदर्शिता और संकल्प का बजट-चंद्रशेखर
26-Feb-2026 3:34 PM
दूरदर्शिता और संकल्प का बजट-चंद्रशेखर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 26 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री व पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत 1.72 लाख करोड़ के बजट को छत्तीसगढ़ के इतिहास का दूरदर्शी, निर्णायक और स्वागत योग्य बजट बताया है।

श्री साहू ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को दिशा देने वाला संकल्प-पत्र है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष बजट ‘ज्ञान से गति’ थीम पर था, जबकि इस वर्ष बजट ‘संकल्प’ थीम पर है। यह साफ संकेत है कि भाजपा सरकार ने पहले दिशा तय की और अब उसी दिशा में तेज़ी से फैसले लेकर उन्हें जमीन पर उतारने जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बजट में किसानों के लिए कृषि व सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूती, महिलाओं के स्वावलंबन और आदिवासी अंचलों में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे ठोस प्रावधान किए गए हैं। सडक़, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर निवेश से गांव-गांव तक विकास पहुंचेगा।

युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित योजना की घोषणा को श्री साहू ने ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

श्री साहू ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोलने का निर्णय सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत उदाहरण है, जिससे युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालने में मदद मिलेगी और परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अस्पतालों के उन्नयन, नए मेडिकल कॉलेज और स्कूल-कॉलेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रावधान प्रदेश की मानव संसाधन क्षमता को बढ़ाएंगे। औद्योगिक पार्कों और निवेश प्रोत्साहन से राज्य में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा, यह बजट जवाबदेही के साथ लागू होगा और हर घोषणा का असर जमीन पर दिखेगा। छत्तीसगढ़ अब ठहराव नहीं, तेज़ विकास के रास्ते पर है।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह बजट विकास, विश्वास और सुशासन की मजबूत नींव रखेगा।


अन्य पोस्ट