गरियाबंद

युवक पर जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने वाले की उंगली काटी
25-Feb-2026 4:12 PM
युवक पर जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने वाले की उंगली काटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 25 फरवरी। नवापारा से लगे ग्राम तर्री में मामूली बात देखते-ही-देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे लकड़ी के डंडे से युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नवापारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार घटना ग्राम तर्री में सोमवार 23 फरवरी की रात करीब 7.15 बजे की बताई जा रही है। पीडि़त चेतन ने पुलिस को अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और ग्राम तर्री में रहता है। घटना के समय उसका भाई ईश्वर निषाद और भानू साहू गांव के हनुमान मंदिर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे।

 

घर जाने को कहा, भडक़ उठा आरोपी

चेतन अपने भाई ईश्वर निषाद को घर बुलाने पहुंचा। इसी बात पर भानू साहू आगबबूला हो गया और गुस्से में आकर अश्लील गालियां देने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे लकड़ी के डंडे से चेतन पर हमला कर दिया। हमले में चेतन के सिर और बाएं कंधे के पास गंभीर चोट आई। चीख-पुकार सुनकर जब डोमन विश्वकर्मा बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और दाहिने हाथ की रिंग फिंगर को दांत से काट लिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चेतन को गंभीर हालत में नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


अन्य पोस्ट