गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 22 फरवरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन के अवसर पर महिला मोर्चा द्वारा सेवा, संस्कार और जनकल्याण के संकल्प के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रदेश महिला मोर्चा के निर्देशानुसार नवापारा स्थित गायत्री मंदिर में आयोजित कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप यज्ञ से की गई। यज्ञ के माध्यम से प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पीपल वृक्ष का वृक्षारोपण किया गया।
आयोजन के दौरान क्षेत्र की गर्भवती माताओं के लिए गर्भसंस्कार का संकल्प लिया गया, जिसके माध्यम से स्वस्थ और संस्कारित समाज निर्माण का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम में सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों का विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह-समन्वयक माधुरी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास और जनसेवा की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सेवा का लाभ पहुंचाना ही संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य योगिता सिन्हा, तनु मिश्रा, जिला महामंत्री ओमकुमारी साहू, जिला ‘मन की बात’ प्रमुख अनपूर्णा देवांगन, साधना सौरज, मंडल अध्यक्ष धनमती साहू, हर्षा कंसारी, वर्षा मिश्रा सहित नवापारा की महिला पार्षदगण पूजा कंसारी, जीना निषाद, निर्मला साहू, लोमेश्वरी साहू, पारागांव उपसरपंच सुनीता सिंह तथा पदमनी सोनी सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


