गरियाबंद

त्रिदिवसीय पंचकुंडी गायत्री महायज्ञ सम्पन्न
21-Feb-2026 4:14 PM
त्रिदिवसीय पंचकुंडी गायत्री महायज्ञ  सम्पन्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 21 फरवरी। ग्राम जौन्दी में तीन दिवसीय पंचकुंडी संगीतमय गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन में पूरे ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूर्व सरपंच टीकम चंद साहू ने बताया कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के हम बदलेंगे, युग बदलेगा विचार क्रांति अभियान तथा शांतिकुंज, हरिद्वार की स्थापना एवं वर्ष 1926 में प्रज्वलित अखंड ज्योति के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ग्राम जौन्दी के समस्त गायत्री परिवार द्वारा 17 से 19 फरवरी तक इस महायज्ञ का आयोजन किया गया। तीनों दिनों तक संगीत मंडली के साथ सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार और विधि-विधान से यज्ञ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान व्यासपीठ पर विराजमान हेमंत कश्यप ने तीन दिनों तक प्रज्ञा पुराण कथा का वाचन किया, जिसे श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक श्रवण किया। प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा बाजे-गाजे के साथ निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों के साथ मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। कार्यक्रम में झड़ी राम ध्रुव, माधव साहू, अलखराम, दीपक साहू, रीखम, भागवत यदु, थानूराम, रामाधार, गोबिंद, रबिंद्र, गुहाराम साहू, संतराम साहू, आस कुमार, त्रिभुवन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। महिलाओं में विशाखा साहू, सुनीता, कविता, मीनाक्षी देवी, फूलूबाई, राधा, दयाबती, जमुना, हेमलता, डिगेश्वरी, केजा साहू सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ अभनपुर के प्रमुख चौरसिया जी, नंदकुमार साहू तथा चम्पारण और नवापारा के गायत्री परिजनों की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन के सफल संचालन पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट