गरियाबंद

गांधी मैदान में व्यवसायिक परिसर का विरोध तेज
20-Feb-2026 7:14 PM
गांधी मैदान में व्यवसायिक परिसर का विरोध तेज

 कृषक पंचायत ने जताई आपत्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 20 फरवरी। नगर पालिका गरियाबंद द्वारा गौरव पथ क्षेत्र में प्रस्तावित व्यवसायिक परिसर निर्माण और उससे जुड़ी नीलामी प्रक्रिया को लेकर कृषक पंचायत ने आपत्ति दर्ज कराई है। पंचायत ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

कृषक पंचायत के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित निर्माण में गांधी मैदान के हिस्से को शामिल किए जाने की संभावना है, जिससे मैदान का क्षेत्रफल प्रभावित हो सकता है। पंचायत के अनुसार, यह मैदान सार्वजनिक कार्यक्रमों, पारंपरिक आयोजनों और खेल गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है।

ज्ञापन में अध्यक्ष हेमलाल सिन्हा, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा और सचिव भावेश सिन्हा ने उल्लेख किया है कि मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, उत्सव और बच्चों की खेल गतिविधियां आयोजित होती हैं। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्थल पर पूर्व में पौधारोपण किया गया था और पौधों के प्रभावित होने की आशंका है।

कृषक पंचायत ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि परिसर निर्माण के बाद वाहनों की आवाजाही से यातायात प्रभावित हो सकता है। पंचायत के अनुसार, मैदान में वॉलीबॉल और फुटबॉल का प्रशिक्षण भी आयोजित होता रहा है।

अध्यक्ष हेमलाल सिन्हा ने कहा कि उनके अनुसार उक्त भूमि पूर्व में सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित की गई थी, इसलिए वहां व्यवसायिक निर्माण पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

कृषक पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित निर्माण और नीलामी प्रक्रिया की समीक्षा की जाए तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखा जाए। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।


अन्य पोस्ट