गरियाबंद

डंपर से टकराई बाइक, युवक की मौत
20-Feb-2026 4:21 PM
डंपर से टकराई बाइक, युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 20 फरवरी। छुरा क्षेत्र से एक खड़े डंपर से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार छुरा क्षेत्र के अंतर्गत बोडराबाधा क्षेत्र के खुडिय़ाडिही मोड़ पर गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें जामली निवासी 32 वर्षीय सुनील साहू पिता बिसराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रोज की तरह अपने काम से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश एक डंपर वाहन बीच सडक़ पर खड़ा था। जिससे सुनील की बाइक सीधे लोडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि यह डंपर वाहन सडक़ निर्माण में उपयोग होने वाली मशीन लादकर आगे की ओर ले जा रहा था। जिसे कुछ कारणवश सडक़ पर खड़ा कर दिया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोड़ के पास वाहन खड़ा होने के कारण लोडर वाहन ठीक से दिखाई नहीं पड़ रहा था, जिससे यह हादसा हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस मुख्य मार्ग से होकर सुनील अपने गांव जामली पहुंचता था, उसी मार्ग का यह अंतिम मोड़ उसके जीवन का भी आखिरी मोड़ साबित हुआ। शाम के समय घर लौटते वक्त किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह सफर अधूरा रह जाएगा। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट