गरियाबंद

गरियाबंद में पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों के डंप हथियार बरामद
17-Feb-2026 3:00 PM
 गरियाबंद में पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों के डंप हथियार बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 17 फरवरी। गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ेगोबरा के सातमारी पहाड़ी क्षेत्र से पुलिस ने हथियारों का एक डम्प बरामद किया है। कार्रवाई जिला पुलिस बल की ई-30 ऑप्स टीम ने की।

जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व माओवादियों से पूछताछ के दौरान प्रतिबंधित संगठन सीपीआई  (माओवादी ) द्वारा उक्त क्षेत्र में हथियार छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर 16 फरवरी को टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया।

सघन तलाशी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र से 2 एसएलआर, 1 इंसास रायफल, 1 बारह बोर बंदूक, 3 एसएलआर मैगजीन, 1 इंसास मैगजीन तथा 28 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

नक्सल उन्मूलन अभियान के आंकड़े

पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 से संचालित अभियान के तहत अब तक विभिन्न कार्रवाइयों में मुठभेड़ में 31 माओवादी मारे जाने, 29 के आत्मसमर्पण करने तथा कुल 73 हथियार (31 ग्रेडेड और 42 अन्य) जब्त किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा 62.50 लाख रुपये नकद, 304 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 22 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 14 आईईडी, लगभग 114.49 मीटर कॉर्डेक्स वायर और 57 बीजीएल सेल बरामद किए जाने की जानकारी दी गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और करन कुमार उईके भी उपस्थित थे। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट