गरियाबंद

पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस
12-Feb-2026 5:30 PM
 पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 12 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर रेस्ट हाउस मैनपुर में समर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बैसरा सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेंद्र कुमार बैसरा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की अवधारणा प्रस्तुत की, जिसे भारतीय जनता पार्टी अपनी नीतियों का आधार मानती है। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हैं।

बैसरा ने अपने संबोधन में पं. दीनदयाल उपाध्याय के निधन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मृत्यु को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा होती रही है। उन्होंने इसे राष्ट्रवादी विचारधारा के लिए क्षति बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के लिए योजनाएं संचालित कर रही हैं। उनके अनुसार पं. दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सार्वजनिक जीवन में सेवा की भावना पर बल देता है।

कार्यक्रम में जिला भाजपा के पदाधिकारी, मंडल महामंत्री, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट