गरियाबंद

संत समागम परिसर में गुरु पूजन, देशभर से पहुंचे शिष्य
12-Feb-2026 5:29 PM
संत समागम परिसर में गुरु पूजन, देशभर से पहुंचे शिष्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 12 फरवरी। राजिम कुंभ कल्प मेला के संत समागम क्षेत्र में स्थापित मां भैरवी धाम पंडाल में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरु पूजन का आयोजन किया गया। तंत्रोक्त साधना केंद्र के रूप में प्रसिद्ध सुमिरन माई के इस पंडाल में देशभर से लगभग 80 शिष्य पहुंच चुके हैं, जबकि 120 अन्य शिष्यों के आने की सूचना है। पंजाब, उत्तराखंड, असम, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने माई के सान्निध्य में आध्यात्मिक साधना का संकल्प लिया।

आयोजन के दौरान माई एवं शिष्यों का परिचय हुआ। इसके पश्चात भैरवी धाम खैरा (राजनांदगांव) से लाई गई माई की पावन चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूजा में देव अस्त्र एवं कुलदेवी को विशेष स्थान दिया गया। पंडित रघुनाथ प्रसाद पांडे, सोनू, अवि एवं ऋषिक ने बताया कि सुमिरन माई 15 फरवरी तक राजिम कुंभ में उपस्थित रहेंगी। इस अवधि में श्रद्धालु गुरु दक्षिणा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।

पंडाल परिसर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच नर्तक दल द्वारा प्रस्तुत राउत नाचा ने वातावरण को आकर्षक बना दिया। राजिम कुंभ कल्प में 10 फरवरी से संत समागम का शुभारंभ हुआ है। इसके बाद संत समागम स्थल पर चारों ओर संतवाणी की गूंज और यज्ञ कुंड में दी जा रही आहुतियों से पूरा माहौल धर्ममय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दे रहा। आसपास समेत प्रदेश एवं देश के कोने-कोने से श्रद्धालु राजिम कुंभ पहुंचकर आध्यात्मिक ऊर्जा का लाभ ले रहे हैं।


अन्य पोस्ट