गरियाबंद

पांच दिनी मेकअप व हेयर स्टाइल प्रशिक्षण शिविर
12-Feb-2026 3:56 PM
पांच दिनी मेकअप व हेयर स्टाइल प्रशिक्षण शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 12 फरवरी। नगर की सामाजिक संस्था स्टेला वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में मेकअप एवं हेयर स्टाइल का पांच दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्टेला वेलफेयर फाउंडेशन की संचालिका पूजा सायरानी द्वारा युवतियों व महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की युवतियों एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। स्टेला फाउंडेशन की सदस्य व प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाजपा महिला मोर्चा योगिता सिन्हा ने इस अवसर पर कहा की महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाना देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी की सोच रही है। प्रशिक्षण शिविर में 21 युवतियों एवं महिलाओं ने प्रशिक्षण का लाभ लिया जिनमें मुख्य रुप से कुंती साहू कठौली,सुमन साहू,झरना साहू, किरण साहू नवापारा, इंदुसाहू,डोंगीतराई,यशोमती साहू, अंबिका साहू बहेरापाल (बासीन) तनु साहू नारी ( कुरुद ) सहित अन्य ने भाग लिया।

 प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को आधुनिक मेकअप तकनीक, ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग सहित ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़ी विभिन्न बारीकियों की जानकारी दी गई।

साथ ही उन्हें ग्राहकों से व्यवहार, कार्य प्रबंधन और छोटे स्तर पर पार्लर शुरू करने के तरीकों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलता है।समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई।


अन्य पोस्ट