गरियाबंद

भेलवाडीह में मानस गान स्पर्धा
10-Feb-2026 7:50 PM
भेलवाडीह में मानस गान स्पर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 10 फरवरी। नया रायपुर क्षेत्र के ग्राम भेलवाडीह में न्यू बजरंग समिति के तत्वावधान में त्रि दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता कार्यक्रम रखा गया। इसमें अंचल की 18 मानस मंडलियों द्वारा सुमधुर प्रस्तुति दी गई। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार डाण्डेसरा,द्वितीय पुरस्कार खल्लारी तथा तृतीय पुरस्कार भिभौंरी को प्राप्त हुआ।

इसी प्रकार महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार बिरकोनी, द्वितीय पुरस्कार गुजरा तथा तृतीय पुरस्कार चंद्रसूर को प्राप्त हुआ। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल ने कहा कि रामायण से पता चलता है कि जब श्री राम अवध से निकले तो राम थे और वनवास काल में ऋषि मुनियों को तारकर तथा रावण आदि राक्षसों को मारकर जब अयोध्या धाम पहुंचे तो मर्यादा पुरुषोत्तम राम बन चुके थे।

सनातन धर्म, राम कथा, रामायण का कार्यक्रम हमें यह शिक्षा देता है कि हिन्दू धर्म भारत को विश्व गुरु बनाने की क्षमता रखता है। इसलिये धर्म और संस्कृति का जहां भी प्रचार हो, प्रसार हो, कार्यक्रम हो, वहां जितना भी सहयोग हो करना चाहिए। तन मन व धन से जो सहयोग करता है वही सच्चा संत हैं। कार्यक्रम में न्यू बजरंग समिति के संचालक छबि यादव, अध्यक्ष राधेश्याम सिन्हा,हरीश यादव,अरुण यदु, रामस्वरुप साहू, रामरतन पटेल, सखाराम पटेल,कुंजलाल सिन्हा, दऊआ पटेल,पन्ना पटेल, रतिराम यादव व काफी संख्या में ग्रामवासियों की उपस्थिति थी।

 


अन्य पोस्ट