गरियाबंद

हादसे से हौसले तक: जितेन्द्र ने पैरा एथलेटिक्स में जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत
09-Feb-2026 7:22 PM
हादसे से हौसले तक: जितेन्द्र ने पैरा एथलेटिक्स में जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 9 फरवरी। रायपुर के जोरा स्थित आई जीके वी  मैदान में आयोजित 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गरियाबंद के जितेन्द्र कुमार साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। उन्होंने गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि तवा फेंक और 100 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किए।

जितेन्द्र की सफलता की कहानी संघर्ष और हौसले की मिसाल है। एक सडक़ दुर्घटना के बाद आई शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने खेल के मैदान में वापसी कर यह उपलब्धि हासिल की। वे एथलेटिक्स के साथ-साथ नेशनल स्तर के आर्म रेसलर भी हैं और गायन में भी सक्रिय हैं।

जितेन्द्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग और विश्वास को दिया। उनका लक्ष्य अब राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है।


अन्य पोस्ट