गरियाबंद

बजट से देश विकसित और सशक्त होगा- सचिन सचदेव
06-Feb-2026 3:28 PM
बजट से देश विकसित और सशक्त होगा- सचिन सचदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 6 फरवरी। केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत आम बजट को लेकर नगर पालिका परिषद नवापारा राजिम के सभापति सचिन सचदेव ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, बल्कि आने वाले वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला भी रखता है। इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था को नया आयाम मिलेगा और भारत आत्मनिर्भर तथा सबल राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला बजट है, जिसमें अगले पच्चीस वर्षों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। सरकार की यह सोच दर्शाती है कि वह केवल अल्पकालिक लाभ पर नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और सतत विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। बजट में समावेशी विकास, रोजगार सृजन, तकनीकी नवाचार और आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, विशेषकर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान सराहनीय हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में तकनीकी शिक्षा और डिजिटल कौशल अत्यंत आवश्यक हैं। सरकार द्वारा नई तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप संस्कृति और नवाचार को प्रोत्साहित करने से युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और वे स्वरोजगार की ओर प्रेरित होंगे। इससे देश में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।नगर पालिका सभापति ने कहा कि इस बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी का विशेष ध्यान रखा गया है।

 किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए गए प्रावधान सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे सडक़, रेल, आवास और शहरी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।


अन्य पोस्ट