गरियाबंद

विकसित भारत की ओर निर्णायक कदम- रिकेश साहू
04-Feb-2026 4:08 PM
विकसित भारत की ओर निर्णायक कदम- रिकेश साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 राजिम, 4 फरवरी। बजट 2026 का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए विकास के नए द्वार खोलने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में छत्तीसगढ़ के आदिवासी और ग्रामीण अंचलों के लिए सडक़, रेल और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सकेगा। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सडक़ों के विकास से शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार की पहुंच आसान होगी।  वहीं खरसिया-परमालकसा रेल लाइन के दोहरीकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, माल परिवहन सुगम होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। श्री साहू ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए किए गए प्रावधान छत्तीसगढ़ की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने इसे केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं बल्कि आम जनता के जीवन स्तर को ऊपर उठाने वाला जनकल्याणकारी बजट बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।


अन्य पोस्ट