गरियाबंद

किसानों की तकदीर-तस्वीर बदलने वाला बजट-चंद्रशेखर साहू
02-Feb-2026 3:45 PM
किसानों की तकदीर-तस्वीर बदलने वाला बजट-चंद्रशेखर साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 2 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि आम बजट गांव और गरीब की, कृषि और किसान की तस्वीर तथा तकदीर बदलने वाला बजट है।

किसान कल्याण केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बजट में किसान को केंद्र में रखकर ऐसे निर्णय लिए गए हैं, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे। कृषि संसाधनों तक किसानों की आसान पहुँच के लिए ‘भारत विस्तार’ नाम से एक बहुभाषी एआई आधारित प्रणाली विकसित की जाएगी। भारतीय कृषि विकसित बने और किसान आत्मनिर्भर हों, इसके लिए बजट में कृषि तथा संबद्ध क्षेत्र हेतु 1 लाख 62 हजार 671 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। साथ ही ग्रामीण विकास हेतु 2 लाख 73 हजार 108 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, ताकि गांव ग्रोथ (विकास) के इंजिन बन सकें। श्री साहू ने कहा कि आम बजट 2026 -27 सबका साथ-सबका विकास और विकसित भारत की परिकल्पना को गति देने वाला है । यह बजट जनकल्याणकारी अवधारणा को पुष्ट करता है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसा उल्लेखनीय और जनहितकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और मोदी सरकार धन्यवाद और बधाई के पात्र हैं ।


अन्य पोस्ट