गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 2 फरवरी। रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री किशोर देवांगन ने कहा कि बजट में देश को सशक्त, मजबूत व विकसित बनाने के साथ-साथ देशवासियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, मूलभूत सुविधाओं में वृद्धि करने व रोजगार के नये अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस बजट से सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देश और देशवासियों के हित से बढक़र उनके लिए कुछ नहीं है । बजट में कृषि, स्वास्थ्य, सडक़, खेल, शिक्षा, सुरक्षा, टेक्नोलॉजी सहित अन्य क्षेत्रों के लिए पिछले वर्षों की तुलना में अधिक राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे किसान, युवा, महिला शक्ति और आम नागरिक की तरक्की के लिए अधिक मौके उपलब्ध हो सकें ।
देवांगन ने बताया बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की योजना बनाई गई है। साथ ही महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वहीं शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का ऐलान किया गया है। उद्यमिता और दक्षता आधारित रोजगार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शिक्षा से रोजगार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विकसित भारत का कोर ड्राइवर सेवा क्षेत्र होगा। इसके तहत एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी, जो एआई और अन्य नई प्रौद्योगिकियों के असर का आकलन करेगी और उनके आधार पर नीतियां बनाई जाएंगी। शिक्षा के क्षेत्र में खास घोषणा यह रही कि पांच विश्वविद्यालय टाउनशिप बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक गलियारों के पास स्थापित किए जाएंगे, जिससे छात्रों को उद्योग से जुड़े प्रैक्टिकल अनुभव मिल सकेगा। इसके अलावा, हर जिले में एक महिला छात्रावास बनाए जाने की घोषणा की गई है, जिससे महिलाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहूलत मिलेगी।
इसी प्रकार 1500 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसका उद्देश्य 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न करना, कौशल विकास को बढ़ावा देना और भारत को डिजिटल इनोवेशन में अग्रणी बनाना है। वित्त मंत्री ने बताया कि इन लैब्स में छात्रों को गेम डिजाइन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन की आधुनिक ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कदम से इंडस्ट्री-रेडी स्किल तैयार किए जाएंगे, जो छात्रों को आने वाले डिजिटल उद्योगों के लिए तैयार करेंगे। देवांगन ने कहा कि ऐसा दूरदर्शी बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण बधाई के पात्र हैं ।


