गरियाबंद

बजट से निराशा- हरमेश चावड़ा
01-Feb-2026 7:06 PM
 बजट से निराशा- हरमेश चावड़ा

गरियाबंद, 1 फरवरी। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष हरमेश चावड़ा ने मोदी सरकार द्वारा पेश आम बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट ‘नई बोतल में पुरानी शराब’ साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट में न तो किसानों के लिए कोई नई ठोस योजना है और न ही बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन की स्पष्ट रणनीति। महंगाई से राहत देने के लिए भी कोई ठोस पहल नहीं दिखाई देती। बजट का पूरा खाका यह संकेत देता है कि सरकार एक बार फिर ऋण पर निर्भर रहने की तैयारी में है।

हरमेश चावड़ा ने कहा कि बजट पेश होते ही शेयर बाजार का गिरना सरकार की आर्थिक नीतियों की दिशा और दशा को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट गांव, गरीब और किसान को प्राथमिकता से बाहर रखता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपेक्षित बजट आवंटन नहीं किया गया, जिससे आम आदमी की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। कुल मिलाकर यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और निराशाजनक साबित हुआ है।


अन्य पोस्ट