गरियाबंद

राजिम में कई जगहों पर विधायक ने फहराया तिरंगा
29-Jan-2026 3:43 PM
राजिम में कई जगहों पर विधायक ने फहराया तिरंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 29 जनवरी। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर धर्मनगरी राजिम में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस दौरान छग स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष व पूर्व सांसद चंदूलाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री साहू ने नगर के हृदय स्थल पर छत्तीसगढ़ के गांधी कहे जाने वाले पंडित सुंदरलाल शर्मा की प्रतिमा के समीप बेरोजगार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया और महापुरुषों के योगदान को याद किया। तत्पश्चात् नगर पंचायत परिसर राजिम में तिरंगा फहराया गया,जहाँ अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर सहित समस्त पार्षदगण,जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह का मुख्य केंद्र रहे पुराने मेला मैदान में विधायक ने नवयुवक मंडल और बेरोजग़ार संघ के संयुक्त तत्वावधान में गौरवपूर्ण ढंग से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुराने मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ विधायक रोहित साहू ने राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम तथा सेजेस राजिम के एनसीसी कैडेट्स की टुकडिय़ों द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड का निरीक्षण किया। कैडेट्स के सधे हुए कदमों और जय हिंद के उद्घोष के बीच विधायक ने परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक श्री साहू ने कहा कि हमारा गणतंत्र हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है। आज का दिन उन वीर शहीदों और संविधान निर्माताओं को नमन करने का है, जिनकी बदौलत हम एक सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। आज का यह दिन उन महापुरुषों को नमन करने का दिन है, जिनके बदौलत भारत गणराज्य के रूप में अस्तित्व में आया।

छग स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि आज का पर्व ध्वजारोहण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है। हम सभी को मिलकर विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करना है। छत्तीसगढ़ की पावन धरा और यहाँ के मेहनती लोग देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। आइए आज हम इस तिरंगे के नीचे संकल्प लें कि हम अपने क्षेत्र और राष्ट्र की उन्नति के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विधायक एवं अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में देवेन्द्र शर्मा,भावेश ठाकुर,धर्मेन्द्र शर्मा, पवन सोनी,राजेन्द्र गुप्ता,रमेश नागवानी,संजय ठाकुर,सुनील यादव,सागर निषाद,लिनेश तिवारी,यानेन्द्र सिन्हा,संजय साहू,दिव्यांश शर्मा,आयुश शर्मा,महेश यादव,धीरेन्द्र शर्मा,सुनील जैन,हेमंत साहू,लिलेश्वर यादव,संतोष शर्मा,बाबा ठाकुर,गजाधर सिंह ठाकुर,अजय पटेल,योगेश साहू,जितेन्द्र सोनी,जय शर्मा,श्रेयांश शर्मा ,सुजल निषाद,डीगेश साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट