गरियाबंद
नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 17 जनवरी। परिक्षेत्र साहू समाज नवापारा नगर द्वारा मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भक्त राजिम माता जयंती का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के इस महापर्व में हजारों की संख्या में स्वजातीय बंधुओं की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, प्रमुख अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू एवं अध्यक्षता पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम राजिम माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं ग्राम बजरंगपुर की भजन मंडली की भक्तिमय स्तुति के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रात: 11 बजे युवा एवं व्यापार प्रकोष्ठ के तत्वावधान में धार्मिक भजनों के साथ विशाल बाइक रैली निकाली गई। दोपहर 12.30 बजे ऐतिहासिक एवं भव्य कलश यात्रा नगर भ्रमण पर निकली, जिसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं, वहीं युवा डीजे और धुमाल की धुन पर भक्तिमय गीतों के साथ झूमते नजर आए। कलश यात्रा एवं रैली में विधायक रोहित साहू एवं विधायक इंद्र कुमार साहू भी शामिल हुए और पैदल चलते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इसके पश्चात मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंचीय कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न प्रकोष्ठों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का विधिवत शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को नगरपालिका अध्यक्षा ओमकुमारी साहू, व्यापार प्रकोष्ठ को विधायक इंद्र कुमार साहू, युवा प्रकोष्ठ को रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष देवनाथ साहू तथा मंदिर समिति एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बजाज द्वारा शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सांसद निधि से निर्मित भवन का उद्घाटन, साहू समाज कार्यालय का उद्घाटन तथा स्वर्गीय प्रेयस साहू की स्मृति में टीकम राम साहू किसान पारा द्वारा प्रदत्त वाटर कूलर का लोकार्पण भी अतिथियों द्वारा किया गया।
एकजुट होकर आगे बढऩे का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि राजिम माता का जीवन समाज सेवा, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के माध्यम से ही समाज की सशक्त प्रगति संभव है। पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही समस्याओं का समाधान कर नई ऊँचाइयों को छू सकता है।
उन्होंने कहा कि संगठन केवल पद और जिम्मेदारी का नाम नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना को मजबूत करता है।
राजिम भक्तिन माता समिति अध्यक्ष लाला राम साहू ने माता की महिमा पर प्रकाश डाला। वहीं आरएसएस के प्रांतीय सह-कार्यवाह गोपाल यादव ने समाज को सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष देवनाथ साहू, जिला कार्यकारी अध्यक्ष मनीष साहू, उपाध्यक्ष भेखराम साहू, तहसील अध्यक्ष तुलेश साहू, उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू, महिला उपाध्यक्ष पुष्पा मनीष साहू, संगठन सचिव कुंती साहू, चंद्रहास साहू, तुकेश साहू, जनपद पंचायत सभापति ब्रह्मानंद साहू सहित वीरेंद्र साहू (खोरपा अध्यक्ष), पारसमणी साहू (पिपरौद अध्यक्ष), गैंद राम साहू (चंपारण अध्यक्ष), रामकुमार हिरवानी (चंपारण उपाध्यक्ष) और नवापारा के समस्त पार्षद गण विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन रविशंकर साहू एवं संगठन सचिव ठाकुर राम साहू ने किया। अंत में परिक्षेत्र अध्यक्ष रमेश साहू ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भव्य भोजन प्रसादी के साथ हुआ।


