गरियाबंद

पुष्करणा ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने मनाया सांस्कृतिक उत्सव
17-Jan-2026 3:57 PM
पुष्करणा ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने मनाया सांस्कृतिक उत्सव

तिल-पतंग, खेल-मनोरंजन और भारतीय संस्कृति से सराबोर रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 17 जनवरी। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर रायपुर के पुष्करणा ब्राह्मण समाज की महिलाओं द्वारा भारतीय संस्कृति पर आधारित एक भव्य और उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तिल-पतंग, आपसी मेलजोल, मनोरंजन और पारंपरिक खेलों से भरपूर इस आयोजन में समाज की महिलाओं, बच्चों और युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

आयोजकों के अनुसार विगत कई वर्षों बाद पहली बार इस तरह का सामूहिक आयोजन संभव हो पाया, जिससे समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की संयोजक मनीषा बिस्सा ने इस सफल आयोजन के लिए पुष्करणा ब्राह्मण समाज ट्रस्ट, बुढ़ेश्वर मंदिर के मुख्य ट्रस्टी चंद्रप्रकाश व्यास के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि श्री व्यास ने प्रारंभ से ही पूर्ण सहयोग और प्रोत्साहन दिया, जिसके चलते कार्यक्रम को सफलता मिली।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विजय लक्ष्मी बोहरा, रश्मि व्यास, अर्चना वोरा, अनुराधा बिस्सा व्यास, प्रीति बिस्सा, मधुलिका पुरोहित, अनु ओझा, दुर्गा छंगाणी, प्रिया एवं  शुभांगिनी बिस्सा ने अपने-अपने दायित्वों का सराहनीय निर्वहन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत  मधुलिका पुरोहित द्वारा गणेश वंदना से की गई।

इसके पश्चात राजकुमारी व्यास, रमा छंगाणी, कोमल बिस्सा एवं  मीना ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान बच्चों और बालिकाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में संयोजक मनीषा बिस्सा ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट