गरियाबंद

नवापारा में आधी रात नकाबपोशों की दहशत, सीसीटीवी फुटेज से मचा हडक़ंप, पुलिस ने अफ वाहों से बचने की अपील
05-Jan-2026 3:47 PM
नवापारा में आधी रात नकाबपोशों की दहशत, सीसीटीवी फुटेज से मचा हडक़ंप, पुलिस ने अफ वाहों से बचने की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 5 जनवरी। नवापारा नगर में इन दिनों नकाबपोश बदमाशों का खौफ  लोगों की नींद उड़ाए हुए है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो ने पूरे नगर में सनसनी फैला दी है। वीडियो में 5-6 चेहरा ढक़े युवक आधी रात शहर की सडक़ों पर संदिग्ध हालत में घूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही नगर में हडक़ंप मच गया।

बताया जा रहा है कि यह फुटेज सदर रोड स्थित चांदनी चौक इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे का है। इसमें दिख रहे युवकों की मंशा क्या है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि वीडियो को लेकर लोगों के बीच आशंका और चिंता बढ़ गई है। वीडियो में कुछ युवकों के हाथों में हथियार दिख रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में लूट, चोरी या किसी बड़ी वारदात को लेकर डर का माहौल बन गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग रात के समय घर से बाहर निकलने में भी घबराने लगे हैं, जबकि व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 

सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

यह वीडियो व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आग की तरह फैल रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग सक्रिय होती, तो बदमाश इस तरह बेखौफ  सडक़ों पर नजर नहीं आते।

 घटना के बाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को दी है। पुलिस ने फुटेज की जांच शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि केवल जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि रात्रि पेट्रोलिंग को और सख्त करने की जरूरत है। साथ ही यदि वीडियो में दिख रहे लोग किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले में थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल ने छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज की टीम को बताया कि नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

 वायरल वीडियो की गहन जांच की जा रही है और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि कैमरा फूटेज को क्राइम ब्रांच को भी भेज दिया गया हैं, जानकारी लगा रहे है कि ये कोई गैंग हैं या और कोई हैं। रात्रि में पुलिस गस्त और ज्यादा बढ़ाने का प्रयास करेंगे। पुलिस प्रशासन ने नगरवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट