गरियाबंद

मुख्यमंत्री 7 जनवरी को सिरकट्टी में नवनिर्मित श्रीरामजानकी मंदिर में करेंगे धर्मध्वजा की स्थापना
01-Jan-2026 4:14 PM
मुख्यमंत्री 7 जनवरी को सिरकट्टी में नवनिर्मित श्रीरामजानकी मंदिर में करेंगे धर्मध्वजा की स्थापना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 1 जनवरी। चतुर्भुज सिरकट्टी स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में 51 कुंडीय श्रीरामचरितमानस महायज्ञ का आयोजन 6 से 12 जनवरी तक किया जाएगा। आयोजन के तहत 7 जनवरी को दोपहर 12 बजे धर्मध्वजा स्थापना एवं कलश पूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजऱ कलेक्टर बी.एस. उईके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चंद्राकर एवं एसडीपीओ निशा सिंहा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग व्यवस्था, हेलीपैड के लिए प्रस्तावित स्थल, मेला क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था, दुकानों के आबंटन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भंडारा, गौशाला एवं मंच स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

आयोजकों के अनुसार श्रीरामजानकी मंदिर का निर्माण जनसहयोग से लगभग दस वर्षों में पूर्ण हुआ है। मंदिर का निर्माण राजस्थान के कारीगरों द्वारा किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई गई है। महायज्ञ के दौरान विभिन्न संतों एवं धार्मिक गुरुओं की उपस्थिति प्रस्तावित है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री  अरुण साव करेंगे। इसके अलावा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

 आयोजन के मुख्य आयोजक आश्रम के पीठाधीश महामंडलेश्वर संत गोवर्धन शरण व्यास एवं सिरकट्टी आश्रम परिवार हैं। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


अन्य पोस्ट