गरियाबंद

11 बेटियों की बारात में उमड़े हजारों बाराती
01-Jan-2026 4:03 PM
11 बेटियों की बारात में उमड़े हजारों बाराती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 1 जनवरी। सालासर सुन्दरकाण्ड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति के तत्वावधान में नवापारा नगर में एक अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और ऐतिहासिक आयोजन देखने को मिला। समिति द्वारा एक अत्यंत गरीब परिवार की 11 बेटियों के सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। यह आयोजन नगर के इतिहास में अपनी तरह का अनूठा और यादगार बन गया।

विवाह समारोह की सबसे खास बात यह रही कि 22 बैलगाडिय़ों में सजे-धजे दूल्हा-दुल्हन की भव्य बारात निकाली गई। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए पूरा नगर सडक़ों पर उमड़ पड़ा। बारात मार्ग के दोनों ओर श्रद्धा, उल्लास और उत्साह का वातावरण बना रहा। नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर नवदम्पतियों का स्वागत किया। समिति के संस्थापक राजू काबरा ने बताया कि नगरवासियों के अथाह प्रेम, सहयोग और समर्थन के कारण ही हर वर्ष इस प्रकार के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों के विवाह को बोझ नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी समझकर समिति यह कार्य निरंतर करती आ रही है।

इस सामूहिक विवाह समारोह में एक दिव्यांग जोड़ा भी शामिल रहा, जिसे देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और समाज में समरसता व संवेदनशीलता का संदेश गया।

आयोजन के दौरान करीब 5 हजार बारातियों ने भोजन ग्रहण किया। विवाह स्थल पर व्यवस्था, अनुशासन और आत्मीयता की सराहना हर किसी की जुबान पर रही। पूरे नगर में सालासर सुन्दरकाण्ड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति के इस पुनीत कार्य की जमकर प्रशंसा हो रही है।


अन्य पोस्ट