गरियाबंद

जतमई-घटारानी मार्ग पर लूट, एक नाबालिग सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
21-Nov-2025 3:54 PM
जतमई-घटारानी मार्ग पर लूट, एक  नाबालिग सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम/गरियाबंद, 21 नवंबर। जतमई-घटारानी का दर्शन कर वापस लौटे तीन युवकों से रास्ता रोककर की गई डकैती के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया। छुरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल है, जबकि तीन आरोपी अलग-अलग जिलों में कई अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।

घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है। प्रार्थी तुलेश्वर सेन अपने मित्र डिगेश्वर यादव और कलीराम यादव के साथ घटारानी मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। जतमई रोड पर केडिआमा तालाब के आगे तीन मोटरसाइकिल में सवार सात युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक की चाबी निकाल ली, गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और तीनों से तीन मोबाइल फोन व 4400 रुपए लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी जंगल की तरफ  भाग निकले।

 

घटना की सूचना मिलते ही छुरा थाना और साइबर सेल टीम मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी शुरू कर दी। पूछताछ में सातों ने डकैती की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी रकम, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की है। बताया गया कि आरोपी राहुल गेंडरे के विरुद्ध खम्हारडीह, सिविल लाइन, विधानसभा थानों में कई मामलों दर्ज है। इसी प्रकार योगेश्वर निषाद के खिलाफ  थाना मगरलोड में चोरी और सत्यम साहू के खिलाफ  थाना राजिम में आम्र्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी में सत्यम साहू पिता नंदकुमार साहू (22 वर्ष) ग्राम बरौंडा थाना राजिम, हेमंत उर्फ  हीरेश साहू पिता रमेश साहू (23 वर्ष) ग्राम बरौंडा थाना राजिम, योगेश्वर उर्फ योगु निषाद (19 वर्ष) ग्राम बरौंडा थाना राजिम, टिकु उर्फ टिकेश्वर यादव पिता भगवानी यादव (23 वर्ष) ग्राम खम्हरियाडीह थाना देवरबीजा बेमेतरा, करन साहू पिता छबिराम साहू (18 वर्ष) ग्राम छोटी करेली थाना मगरलोड (धमतरी), राहुल गेंडरे पिता राजा गेंडरे (26 वर्ष) निवासी खम्हारडीह रायपुर और एक अपचारी बालक की गिरफ्तारी हुई है।


अन्य पोस्ट