गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 10 नवंबर। रविवार को मैनपुर मंडल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फर्जी मतदाताओं को हटाना और पात्र लोगों को सूची में शामिल करना है, ताकि लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकेगा।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा -हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, यह अभियान चुनाव आयोग का अभियान है। इसके तहत फर्जी मतदाताओं को हटाया जा रहा है और पात्रों को जोड़ा जा रहा है। छत्तीसगढ़ से पं. बंगाल चुनाव में लोग ट्रेन से वोट डालने गए थे, चुनाव आयोग ने बिहार में भी लाखों फर्जी मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर निकाले, इसलिए चुनाव आयोग एसआईआर लाया है, जिससे अवैध रूप से जुड़े नामों को हटाया जाएगा, वहीं छूटे हुए नाम को जुड़वाना है। विपक्ष झूठा आरोप लगाता है कि वोट चोरी हो गया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुरु नारायण तिवारी ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रूप से कार्य करता है। इस अभियान के ज़रिए, चुनाव आयोग यह सुनिश्चित कर रहा है कि मतदाता सूची में केवल वही नाम हों, जो वास्तव में पात्र हैं। फर्जी नामों को हटाकर, यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बना रहा है। भाजपा इस महत्वपूर्ण अभियान में पूरी तरह से सहयोग कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री घनश्याम मरकाम ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सरिता ठाकुर, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव तीजू सिन्हा रामदास वैष्णव राकेश दुबे रूपेश साहू हेमंत साहू सुधीर ठकुर तुलसी रठौर हिमेश्वरी कश्यप कृपाल यादव भाजपा सक्रिय कार्यकर्ता मोहन कुशवाह सहित मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


