गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 27 अक्टूबर। त्रिवेणी संगम साहित्य समिति राजिम नवापारा जिला गरियाबंद के तत्वाधान में दीपावली मिलन समारोह त्रिवेणी संगम साहित्य सदन राजिम नवाडीह वार्ड नं 15 में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में महेश यादव, अध्यक्ष नगर पंचायत राजिम थे। अध्यक्षता पूर्णिमा चंद्राकर उपाध्यक्ष नगर पंचायत राजिम ने किया। विशेष अतिथि के रूप में रेखा कुलेश्वर साहू,भारत यादव, सुरेश पटेल पार्षदगण,नूतन साहू नवीन सेवानिवृत पंचायत इंस्पेक्टर, एवम रतनू साहू अध्यक्ष साहू समाज की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे की स्तुति के साथ हुई,जिसे किशोर निर्मलकर ने प्रस्तुत किया। दीपावली मिलन समारोह में समिति ने नगर एवं गाँव के सामाजिक प्रमुखों को सम्मानित किया। उसके बाद उपस्थित कवियों ने अपनी अपनी उम्दा रचनाओं के माध्यम से काव्य की रस पूर्ण फुलझडिय़ाँ छोड़ते हुए सभी के लिए मंगल कामना की। मंच को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महेश यादव ने कहा कि,राजिम छत्तीसगढ़ की साहित्य नगरी है,यहाँ हरेक घर से एक कवि पैदा होता है, राजिम के साहित्यिक मंच को समृद्ध किया जावेगा। पूर्णिमा चंद्राकर,उपाध्यक्ष नगर पंचायत राजिम ने कवियों को समाज का महत्वपूर्ण व्यक्तित्व मानते हुए राष्ट्र निर्माण हेतु रचना करने का आग्रह किया।
कवि सम्मेलन की कड़ी में प्रथम कवि के रूप में तुषार शर्मा नादान ने जीवन रहस्य पर रचना प्रस्तुत किया तो, कवि नूतन साहू,नवीन ने अपनी जबरदस्त शेरो शायरी से माहौल को ऊँचाई प्रदान किया।
कवि किशोर निर्मलकर ने समाज जागरण पर उम्दा रचना पढ़ी तो वरिष्ठ कवि मोहन लाल मानिकपन, भावुक ने भाव पूर्ण रचना प्रस्तुत करके सबको सोचने पर विवश कर दिया।


