गरियाबंद

दीपावली पर स्थानीय उत्पाद खरीदें, व्यापार और अर्थव्यवस्था दोनों को दें मजबूती-प्रकाश रोहरा
15-Oct-2025 3:14 PM
दीपावली पर स्थानीय उत्पाद खरीदें, व्यापार और अर्थव्यवस्था दोनों को दें मजबूती-प्रकाश रोहरा

छत्तीसगढ़ संवाददाता

गरियाबंद, 15 अक्टूबर। दीपावली की रौनक के साथ छत्तीसगढ़ के बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढऩे लगी है। इस अवसर पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अध्यक्ष प्रकाश चंद रोहरा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस दीपावली पर स्थानीय व्यापारियों से ही खरीदारी करें और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें।

श्री रोहरा ने कहा, जब हम अपने देश, शहर या गांव में बने सामान को खरीदते हैं, तो हम केवल वस्तु नहीं खरीदते, बल्कि किसी माँ के चेहरे की मुस्कान, किसी कारीगर की मेहनत और स्थानीय व्यापारी की उम्मीद भी खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी के दरों में सुधार के बाद से इस वर्ष त्योहारी सीजन में व्यापार में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी उत्पाद अपनाने के आह्वान ने व्यापारियों में उत्साह और नई ऊर्जा भर दी है। खाद्य सामग्री, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम, फर्नीचर और घरेलू उत्पादों की बिक्री में तेजी है। साथ ही होटल, कैटरिंग और इवेंट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं को भी लाभ मिल रहा है।

रोहरा ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों से आग्रह किया कि वे गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक उत्पादों का चयन करें। उन्होंने कहा, इस दीपावली आत्मनिर्भर भारत की भावना अपनाएं, स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करें और अपने ही लोगों की मेहनत का सम्मान करें। विदेशी उत्पादों के बजाय स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं।

इधर, त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की पसंद में बदलाव दिख रहा है। लोग विदेशी वस्तुओं की बजाय भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों को बाल मिलता है। इससे लाखों छोटे व्यापारियों, कारीगरों और मजदूरों को सीधा लाभ होता है।


अन्य पोस्ट