गरियाबंद

मौत की बताई झूठी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 5 अगस्त। एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। घटना के बाद समय एक आरोपी घर के बाहर पहरा दे रहा है। हत्या का बाद महिला ने मौत की झूठी कहानी परिवार वालों को बताकर पति का अंतिम संस्कार भी करवा दिया। परिवार वालों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। मामले में पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा निवासी चुम्मन साहू की पत्नी प्रतिमा साहू का दौलत पटेल के साथ अवैध संबंध था। बताया जा रहा है कि मृतक चुम्मन ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया था। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इससे परेशान होकर प्रतिमा ने अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 25-26 जुलाई की रात प्रतिमा साहू ने अपने प्रेमी दौलत पटेल के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर पति की हत्या कर दी थी। इस दौरान दौलत का साथी केशव वर्मा घर के बाहर निगरानी कर रहा था।
सुबह प्रतिमा ने परिजनों को चुम्मन साहू की मौत की जानकारी दी, जिससे सभी हैरान रह गए। प्रतिमा ने बताया कि अधिक शराब पीने के कारण उसकी मौत हो गई। हत्या से अनजान परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के कुछ दिन बाद मृतक के परिजनों को प्रतिमा पर शक हुआ। जिसके बाद परिजन पांडुका थाने पहुंचे और जांच के लिए आवेदन दिया। पुलिस ने प्रतिमा साहू और उसके प्रेमी दौलत पटेल से पूछताछ की। लेकिन दोनों पुलिस को गुमराह करने लगे। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो दोनों ने हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने मृतक चुम्मन की पत्नी प्रतिमा साहू, उसके प्रेमी दौलत पटेल और सहयोगी केशव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।