गरियाबंद

गुरु पूर्णिमा उत्सव में स्वयंसेवकों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 14 जुलाई। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नवापारा नगर का गुरुपूर्णिमा उत्सव संपन्न हुआ। इसके मुख्य वक्ता डॉ.पूर्णेन्दु सक्सेना क्षेत्र संघचालक मध्यक्षेत्र, गरियाबंद जिला संघचालक प्रेमलाल साहू एवं नगर संघचालक सनत चौधरी, सहसंचालक डॉ.के.आर.सिन्हा तथा गोपाल यादव सह प्रांत कार्यवाह, हरिओम शर्मा प्रांत कुटुंब प्रबोधन प्रमुख रायपुर उपस्थित थे।
नवापारा नगर द्वारा आयोजित गुरु पूर्णिमा उत्सव एवं समर्पण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ.पूर्णेन्दु सक्सेना ने संबोधित करते हुए कहा कि गुरु पूजन का उत्सव संघ के लिए केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि अत्यंत भावनात्मक और संकल्पपूर्ण आयोजन होता है। उन्होंने कहा संघ का उद्देश्य है ‘ये देश मेरा है,देश के लिए कुछ करना है।’ तन-मन-धन राष्ट्र के कल्याण में लगाना ही संघ का मूल भाव है। यह संगठन स्वयंसेवकों की समर्पित राशि से चलता है,यही कारण है कि संघ हमेशा ऊपर रहता है।
उन्होंने कहा कि संघ अपने पैरों पर खड़े होकर कार्य करता है। समर्पण राष्ट्र के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह है। आज संघ को केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, समय का भी योगदान चाहिए। समर्पण जीवन का स्थायी भाव बनना चाहिए। डॉ. सक्सेना ने कहा कि मैं संघ में क्या कर सकता हूं ऐसी सोच वाले स्वयंसेवकों का निर्माण करता है। 100 वर्षों की यात्रा पूर्ण करने की ओर अग्रसर संघ अब स्वयंसेवकों से अपने आचरण, व्यवहार और संस्कार के माध्यम से समाज में योग्य परिवर्तन लाने की अपेक्षा रखता है।
उन्होंने कहा- परिवारों में अच्छे संस्कार बच्चों को दिए जाएं ताकि समृद्ध राष्ट्र का निर्माण हो। समाज में बिना किसी भेदभाव और छुआछूत के सभी वर्गों को संगठित करना संघ का दूसरा आग्रह है। उन्होंने पर्यावरण की चिंता जताते हुए कहा कि हमारे छोटे-छोटे आचरणों से बड़ा बदलाव संभव है।
कुम्भ मेले में कपड़े की थैलियों और बर्तनों के प्रयोग से हमने पर्यावरण सुधार की दिशा में सार्थक प्रयास किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही और विदेशी वस्तुओं से दूरी बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के लिए शिक्षा के साथ नागरिक दायित्वों का पालन आवश्यक है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे इन बातों को अपने जीवन में अपनाएं और इसी को सच्चा समर्पण मानें। पूजन समर्पण उत्सव में नगर के 175 स्वयंसेवकों ने समर्पण किया।
कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय गोयल,पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू,उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी,रमेश पहाडिय़ा,अशोक गंगवाल,संजय साहू,नागेन्द्र वर्मा,अशोक नागवानी,डॉ.के.आर.सिन्हा, डॉ.पुनीत गोस्वामी, डॉ.सौरभ भांडगे,डॉ.राजेश्वर पटेल, डॉ.तेजेन्द्र साहू,डॉ.उमा गुप्ता,डॉ.एडिशन मालाकार,डॉ राम गोपाल यादव,किशोर नागवानी,राजेश छाबडा,रेशम सिंह हुदंल,धीरज साहू,संजय बंगानी,मुकेश ढीढी, सिंधु सेवा मंडल के कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति थे।