गरियाबंद

योग भारत की प्राचीन परंपरा-टंकराम
21-Jun-2025 6:48 PM
योग भारत की प्राचीन परंपरा-टंकराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 21 जून। शनिवार को जिला मुख्यालय गरियाबंद सहित जिले के सभी विकासखंडों में ग्यारहवा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जिलेभर से करीब एक लाख से अधिक लोगों ने एक ही समय में सुबह 7 से 8 बजे के बीच एक साथ योगाभ्यास किया।

जिला स्तरीय सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन इंडोर स्टेडियम में किया गया। यहां मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री टंक राम वर्मा तथा विधायक रोहित साहू की उपस्थिति जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, आम नागरिकों तथा स्कुली बच्चों ने योग के विभिन्न आसन्नो का अभ्यास किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, कलेक्टर बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ मरकाम भी कार्यक्रम में शामिल हुए। योगाचार्य भागवत कुमार साहू, मितेश साहू ने योगाभ्यास कराया।

 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसकी शुरुआत साधु-संतों ने सदियों पहले की थी। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से उन्होंने दीर्घायु और निरोग जीवन जिया। आज के समय में जब लोगों की दिनचर्या असंतुलित हो चुकी है, ऐसे में योग उन्हें पुन: संतुलन और स्वास्थ्य की ओर ले जा सकता है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया गया, जो एक वैश्विक क्रांति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है—विकसित भारत, और उसके लिए नागरिकों का स्वस्थ और अनुशासित जीवन आवश्यक है।

 विधायक रोहित साहू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और संदेश को साकार करने आज हम सभी योगाभ्यास के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि योग जीवन में अत्यंत आवश्यक है। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं – सभी वर्गों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

विधायक साहू ने कहा कि जब शरीर और मन दोनों स्वस्थ होते हैं, तब कार्यक्षमता और सोच भी बेहतर होती है। स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण योग के नियमित अभ्यास से ही संभव है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे क्षेत्र में योग को बढ़ावा देने और जन-जागरण लाने का निरंतर प्रयास करेंगे।

योग कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्री गणेश व सहयोगी योग शिक्षकों द्वारा योग कार्यक्रम में विभिन्न आसान सहित प्राणायाम के तहत् कपालभाति, अनुलोम विलोम सहित अन्य आसन कराए गये और इससे जीवन में होने वाले फायदों के बारे में भी बताया गया। जो लोग योग करते है, वें मानसिक व शारीरिक दोनों रूप से स्वस्थ रहते है। योग से मन को शांति मिलती है।

 योग पश्चात मंत्री श्री वर्मा ने इन्डोर स्टेडियम परिसर में रक्त चंदन का पौधरोपण भी किया गया। साथ ही अन्य अतिथियों ने पौधे लगाये। इस अवसर पर उप निदेशक उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व वरूण जैन, जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, एसडीएम ऋषा ठाकुर, एसडीओपी  निशा सिन्हा, उप संचालक समाज कल्याण  डी.पी. ठाकुर, सहित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली बच्चे शामिल हुए। इसी प्रकार नगरीय एवं ग्राम पंचायतों में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आमजनों सामुहिक योगाभ्यास किया।


अन्य पोस्ट