गरियाबंद

गरियाबंद, 4 मई। कलेक्टर बी.एस. उइके ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पत्रकारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने प्रेसवार्ता में वर्तमान में चल रहे सुशासन तिहार के संबंध में जानकारी दी। साथ ही 5 मई से जिले में होने वाले समाधान शिविरों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जिले में कुल 31 समाधान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इनमें 25 ग्रामीण क्षेत्रों एवं 6 नगरीय निकायों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जिले के पत्रकारों को समाधान शिविरों के प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने का आग्रह किया। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके।
प्रेसवार्ता में कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में सुशासन की स्थापना को लेकर लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन के हर स्तर पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता आए। योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो, और इनका लाभ उन जरूरतमंद वर्गों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे, जिनके लिए ये योजनाएं बनाई गई हैं। इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य में सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, शासकीय योजनाओं की समीक्षा और निगरानी, विकास कार्यों में तेजी लाना, और जनता, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।
गरियाबंद जिले में कुल 1 लाख 45 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 93 हजार 311 आवेदन निराकृत हो चुके है। शेष आवेदनों को तेजी से निराकृत किये जा रहे है। इस दौरान पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सीईओ जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर नवीन भगत सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।