दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अप्रैल। छावनी थाना पुलिस ने पावर हाउस क्षेत्र में धारदार हथियार लहरा कर राहगीरों को डराने वाले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
छावनी पुलिस ने बताया कि आज 9 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लिए घूम रहा है। वह वहां से आने-जाने वाले लोगों को हथियार दिखाकर डरा-धमका रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही छावनी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान पवन महानंद 24 वर्ष) निवासी कैंप-02 जलेबी चौक भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त कर लिया है। आरोपी पवन महानंद के विरुद्ध थाना छावनी में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।


